'राष्ट्रीय रोजगार मेला' के तहत अब तक 12.75 लाख नियुक्ति पत्र जारी: सरकार
नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। सरकार द्वारा शनिवार को जारी एक फैक्टशीट के अनुसार, केंद्र सरकार के 'राष्ट्रीय रोजगार मेला' अभियान के तहत अब तक आयोजित 20 संस्करणों में करीब 12.75 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
फैक्टशीट में कहा गया है कि अक्टूबर 2022 में 10 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ शुरू की गई यह पहल अब मिशन मोड में चलने वाला देशव्यापी भर्ती अभियान बन चुकी है।
फैक्टशीट के अनुसार, चयनित उम्मीदवारों ने रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित कई अन्य विभागों में अपनी जिम्मेदारियां संभाली हैं।
सरकार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को मिशन मोड में आगे बढ़ाया गया, जिसके तहत विभिन्न मंत्रालयों और विभागों ने स्वीकृत पदों पर रिक्तियां भरने के लिए विशेष प्रयास किए। यह प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग (यीपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) जैसी स्थापित भर्ती एजेंसियों के माध्यम से संचालित की गई।
फैक्टशीट में कहा गया है कि 'राष्ट्रीय रोजगार मेला' केवल भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कौशल विकास, करियर परामर्श और उद्यमिता सहायता को भी एक साथ जोड़ता है, जिसके जरिए युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकारी बयान के मुताबिक, नौकरी तलाशने वालों और नियोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा कौशल और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल बनाने में रोजगार मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इससे कुशल कार्यबल तैयार करने और युवाओं को सार्वजनिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के अवसर देने में मदद मिली है।
पहले रोजगार मेले में देश भर के 50 स्थानों पर 75,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। इसके बाद से यह अभियान लगातार विस्तार करता गया और सरकारी भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का माध्यम बन गया।
फैक्टशीट में कहा गया है कि इस पहल ने न केवल सार्वजनिक क्षेत्र में भर्ती की गति बढ़ाई है, बल्कि युवाओं को सरकारी सेवा में करियर शुरू करने और देश के विकास में योगदान देने का अवसर भी प्रदान किया है।
नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी), सेक्टर स्किल काउंसिल्स (एसएससी) और प्रधानमंत्री कौशल केंद्रों (पीएमकेके) के सहयोग से रोजगार मेलों का आयोजन करता है। इन आयोजनों में निजी क्षेत्र की कंपनियों को भी शामिल किया जाता है, ताकि योग्य उम्मीदवारों को अधिक रोजगार अवसर मिल सकें।
रोजगार, कौशल विकास, करियर परामर्श और उद्यमिता अवसरों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय रोजगार मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने और देश में कुशल कार्यबल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
शनिवार को आयोजित 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और विभिन्न सरकारी विभागों तथा संगठनों में चयनित युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए।
--आईएएनएस
डीबीपी
