हिमाचल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, जानिए 8 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम
शिमला, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मौसम विज्ञान केंद्र वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम से राज्य में एक पश्चिम विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो जाएगा। इसके प्रभाव से देर शाम से लेकर 4 अप्रैल की देर रात तक कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट-बिजली की चमक और मध्यम बारिश की संभावना हो सकती है।
संदीप शर्मा ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "शुक्रवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से 3 अप्रैल की देर शाम से 4 अप्रैल की रात तक राज्य के कई इलाकों में बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंबा कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों मे एक-दो जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।"
उन्होंने बताया कि 3 और 4 अप्रैल को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बाकी क्षेत्रों में तेज बारिश और हवाएं रहेंगी, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 अप्रैल से 7 तक शाम के समय मैदानी इलाकों जैसे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में तथा मध्य पहाड़ी जिलों (कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला) में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ये गतिविधियां 7 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है।
संदीप शर्मा ने कहा, "8 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। इसमें 8 अप्रैल को कई क्षेत्रों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर मौसम की गतिविधि शुक्रवार शाम से शुरू होकर 4 अप्रैल की देर रात तक रहेगी और फिर 8 अप्रैल की रात से दोबारा सक्रिय हो सकती है।"
उन्होंने आगे कहा, "बारिश की बात करें तो मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में हो सकता है कि हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इस दौरान कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का खतरा भी बना रहेगा।"
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
