Aapka Rajasthan

हिमाचल: एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट पुष्पा राणा को मिला एक करोड़ का कैश अवार्ड, नौकरी की उठाई मांग

शिमला, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा को प्रदेश सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई है। पुष्पा राणा ने सम्मान राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपए करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड कप की लंबित पुरस्कार राशि जल्द जारी करने और नौकरी देने की मांग भी उठाई।
 
पुष्पा राणा ने कहा कि सरकार की ओर से घोषित एक करोड़ रुपए का कैश अवार्ड मिलने पर वह मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पहले घोषित 33 लाख रुपए की राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपए किया गया है। सरकार से मिल रहे सम्मान और प्यार के लिए उन्होंने पूरी टीम की ओर से धन्यवाद किया।

पुष्पा राणा ने कहा कि वर्ल्ड कप की लंबित पुरस्कार राशि भी जल्द जारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों ने 14 से 15 साल तक मेहनत की है। हिमाचल और देश का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए आर्थिक सहायता भी जरूरी है।

उन्होंने नौकरी की मांग पर कहा कि नौकरी आज खिलाड़ियों की सबसे बड़ी जरूरत है। मुख्यमंत्री से इस विषय पर कई बार मुलाकात हुई है और सकारात्मक आश्वासन मिला है। पुष्पा राणा ने उम्मीद जताई कि जिस तरह सरकार ने कैश अवार्ड की मांग को स्वीकार किया, उसी तरह नौकरी की मांग पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय महिला टीम ने लगातार दूसरी बार (हांगझोऊ 2023 के बाद) इस खिताब को अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया था। यह भारतीय महिला टीम का लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब था। इससे पहले, साल 2012 में पटना में आयोजित पहले संस्करण में भी भारत ने खिताब अपने नाम किया था।

--आईएएनएस

आरएसजी/डीकेपी