बंधन बैंक के लिए उच्च परिचालन लागत बनी चुनौती, शेयर 17 प्रतिशत से अधिक लुढ़का
मुंबई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बंधन बैंक का शेयर बुधवार को 17 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। इसकी वजह बैंक की ओर से उच्च परिचालन लागत और कम मार्जिन के चलते वित्त वर्ष 27 के लिए आरओए (रिटर्न-ऑन-एसेट) आउटलुक को कम करना है।
नतीजों के बाद बैंक ने वित्त वर्ष 27 की चौथी तिमाही के लिए आरओए आउटलुक को 40 आधार अंक कम करके 1.2-1.4 प्रतिशत कर दिया, जो कि पहले 1.6-1.8 प्रतिशत था।
इसमें 30 आधार अंक का योगदान कम शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) और 10 आधार अंक का योगदान उच्च परिचालन लागत का है।
दोपहर 12 बजे, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर बंधन बैंक का शेयर 17.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 172.40 रुपए पर था। इनका इंट्राडे लो 171.56 रुपए रहा है।
हालांकि, निजी बैंक के वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के नतीजे अच्छे रहे थे। बैंक का मुनाफा करीब 35 प्रतिशत बढ़कर 502 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 372 करोड़ रुपए था।
इस दौरान बैंक की शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 2,921 करोड़ रुपए हो गई है। वहीं, शुद्ध ब्याज मार्जिन 6.2 प्रतिशत रहा है।
एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला। बैंक का सकल ग्रॉस एनपीए अनुपात पिछली तिमाही के 3.27 प्रतिशत से घटकर 3.15 प्रतिशत हो गया, जबकि नेट एनपीए 0.97 प्रतिशत से घटकर 0.93 प्रतिशत पर आ गया। वहीं, प्रोविजन में तेज गिरावट आई और यह एक साल पहले के 1,147 करोड़ रुपए से घटकर 683 करोड़ रुपए रह गया, जिससे बैंक की आय वृद्धि को समर्थन मिला।
भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट देखी जा रही है। सेंसेक्स 690 अंक या 0.89 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,790 और निफ्टी 188 अंक या 0.80 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,999 पर था।
बैंकिंग शेयरों में भी बड़ी गिरावट देखी गई। निफ्टी बैंक 1.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 57,081 पर था।
--आईएएनएस
एबीएस
