Aapka Rajasthan

हजारीबाग: रांची-पटना हाईवे पर दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग

हजारीबाग, 23 अप्रैल (आईएएनएस) झारखंड के हजारीबाग जिले के पदमा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत इटखोरी मोड़ के पास दो मालवाहक ट्रकों की सीधी टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के इंजन से निकली चिंगारी ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
 
राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई। इस हादसे की वजह से रांची-पटना रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में से एक में भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक लदा था, जबकि दूसरे ट्रक में स्पंज लोड था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिड़ंत के तुरंत बाद आग लग गई और देखते ही देखते लपटें आसमान छूने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी संचित दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात को रोक दिया। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल बरही से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

गनीमत रही कि आग फैलने से पहले ही दोनों वाहनों के चालक और सह-चालक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। पदमा ओपी प्रभारी संचित दुबे ने बताया कि दमकल टीम ने आग बुझा दी है और स्थिति अब नियंत्रण में है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल हाईवे पर 'वन-वे' मार्ग खोलकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस