Aapka Rajasthan

हजारीबाग: ज्वैलरी दुकान में डकैती का खुलासा, मुख्य सरगना समेत पांच गिरफ्तार, 16 लाख के जेवरात बरामद

हजारीबाग, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में ज्वैलरी दुकान में हथियार के बल पर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए कथित मुख्य सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 48.26 ग्राम सोने और 4.051 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, गोली और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।
 

हजारीबाग, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में ज्वैलरी दुकान में हथियार के बल पर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए कथित मुख्य सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 48.26 ग्राम सोने और 4.051 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, गोली और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 और 26 सितंबर की दरमियानी रात हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां गांव स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की थी। इस दौरान दुकान से सोने-चांदी के आभूषण लूटकर अपराधी फरार हो गए थे। मामले में चौपारण थाने में कांड संख्या 252/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद और बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोरहर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पांचों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनबाद के कतरास क्षेत्र के मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी और सद्दाम अंसारी, बोकारो जिले के सोबराती अंसारी तथा पुरुलिया जिले के शेख जमील के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चौपारण की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि लूटे गए आभूषण धनबाद के हरिना, कतरास स्थित विजय ज्वेलर्स से बरामद किए गए। वहीं, चौपारण थाना क्षेत्र के ढाब सलोनिया में एक जर्जर मकान से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, चाकू, पेचकस और प्लास बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, दो हेलमेट और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 16 लाख रुपए बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने हजारीबाग, गिरिडीह और जमशेदपुर समेत विभिन्न इलाकों में ज्वैलरी दुकानों की रेकी कर लूटपाट करने की बात बताई है। पुलिस ने दावा किया है कि गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी