Aapka Rajasthan

हजारीबाग में नेशनल पार्क के पास से बरामद महिला के शव की गुत्थी सुलझी, जमीन विवाद में हुई थी हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग, 18 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में नेशनल पार्क के पास करीब तीन हफ्ते एक महिला के शव की बरामदगी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। मामले में बिहार के गया जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो कथित साथी अब भी फरार हैं।
 

हजारीबाग, 18 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में नेशनल पार्क के पास करीब तीन हफ्ते एक महिला के शव की बरामदगी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। मामले में बिहार के गया जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो कथित साथी अब भी फरार हैं।

पुलिस ने 25 अगस्त को इचाक थाना क्षेत्र में नेशनल पार्क के पास कुबड़ी पुल के नीचे से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया था। इस संबंध में इचाक थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/238 के तहत जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए शीतगृह में रखा गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी शाखा की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकाश कुमार (27) को हिरासत में लिया। वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के घिरसिंडी कला का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रकाश ने मृतका की पहचान रंजना सिन्हा के रूप में बताई। वह हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र के ओकनी न्यू एरिया की रहने वाली थीं। पुलिस का कहना है कि 23 अगस्त को जमीन विवाद को लेकर उनकी गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए कुबड़ी पुल के नीचे फेंक दिया गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात में प्रकाश के अलावा गया के मानपुर निवासी विक्की कुमार पासवान और हजारीबाग के चौपारण निवासी आयुष कुमार भी शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से मृतका का चश्मा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अभियान का नेतृत्व इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने किया। टीम में लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पुलिस पदाधिकारी नंदकिशोर दास, सुनील शर्मा और सहायक अवर निरीक्षक सुरेश कुमार दास सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी