Aapka Rajasthan

झारखंड : हजारीबाग में मिला रांची से गायब शराब लदा ट्रक, केबिन से चालक का शव बरामद

रांची, 6 नवंबर (आईएएनएस)। रांची के तुपुदाना से शराब की खेप लेकर निकले एक ट्रक के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है, जो हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद हुआ है। ट्रक के केबिन के अंदर से चालक का शव मिला है, जबकि वाहन में लदी लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब पूरी तरह गायब है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी आपराधिक गिरोह ने चालक की हत्या कर शराब लूट ली है।
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक शराब की खेप लेकर तुपुदाना से रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में ही इसका संपर्क अचानक टूट गया। वाहन के लगातार संपर्क से बाहर रहने पर जब खोजबीन शुरू हुई, तब इसके हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में खड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। जब ट्रक की अंदरूनी जांच की गई, तो ड्राइवर मृत अवस्था में केबिन के अंदर मिला।

वहीं, ट्रक की बॉडी पूरी तरह खाली थी और उसमें लादकर ले जाई जा रही लाखों रुपये की शराब का एक भी कार्टन वहां नहीं बचा था। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके अलावा, फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और ट्रक के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि तुपुदाना से चला यह ट्रक चौपारण तक किन-किन रास्तों से गुजरा, उसे रास्ते में कहां रोका गया और इतनी बड़ी मात्रा में शराब को उतारकर कौन लोग फरार हो गए। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालात को देखकर पुलिस इस बात की प्रबल आशंका जता रही है कि शातिर अपराधियों ने शराब की लूटपाट को अंजाम देने के लिए ही चालक की निर्मम हत्या की होगी।

हालांकि, पुलिस हत्या और लूट की इस सुनियोजित साजिश के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है। ट्रक के मूवमेंट, उसके रूट, चालक के मोबाइल कॉल डिटेल्स और शराब परिवहन से जुड़े लोगों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे हत्याकांड और शराब चोरी की असल तस्वीर साफ हो सकेगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके