हजारीबाग में दो ट्रांसपोर्टरों के ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी, मोबाइल और प्रिंटर-स्कैनर ले गई टीम
हजारीबाग, 4 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार सुबह दो ट्रांसपोर्टरों के ठिकानों पर छापेमारी की। करीब सात घंटे तक चली तलाशी के बाद टीम कुछ मोबाइल फोन और प्रिंटर या स्कैनर जैसी एक मशीन अपने साथ ले हालांकि, एनआईए ने अब तक कार्रवाई के कारणों और जब्त सामान के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
एजेंसी की टीम शहर के बाबा पथ स्थित सुभाष बारला गली में उदय साव और प्रदीप कुमार साहू के आवास पर पहुंची थी। प्रदीप कुमार साहू और उनकी पत्नी के अनुसार, एनआईए की टीम बुधवार तड़के करीब चार बजे उनके घर पहुंची। अधिकारियों ने घर के ऊपरी और निचले हिस्से सहित विभिन्न कमरों और कोनों की बारीकी से तलाशी ली।
परिवार के मुताबिक, यह कार्रवाई करीब सात घंटे तक चली। प्रदीप कुमार साहू ने बताया कि तलाशी के दौरान अधिकारियों ने उनसे मोबाइल फोन और घर में मौजूद अन्य सामान के बारे में पूछताछ की। परिवार का दावा है कि तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, टीम कुछ मोबाइल फोन और प्रिंटर या स्कैनर जैसी एक मशीन अपने साथ ले गई।
परिवार के अनुसार, उन्हें यह नहीं बताया गया कि इन सामानों को किस आधार पर जब्त किया गया है। उदय साव और प्रदीप कुमार साहू का नाम पहले कत्था कारोबार से भी जुड़ा रहा है। दोनों ट्रांसपोर्टिंग के काम से जुड़े हैं। उनके आवास पर एनआईए की कार्रवाई के बाद जांच के संभावित कारणों को लेकर इलाके में चर्चा है।
एजेंसी ने अब तक छापेमारी के कारणों, जांच के दायरे और संभावित बरामदगी को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है। एनआईए की ओर से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही इस छापेमारी के पीछे की वजह और मामले की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
