Aapka Rajasthan

हजारीबाग के बरही में तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मां-बेटे की मौत, तीन बच्चे बाल-बाल बचे

हजारीबाग, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही चौक पर बुधवार को एक सड़क हादसे में एक परिवार की दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं। सड़क पार कर रही एक महिला और उसके मासूम बेटे को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला के साथ मौजूद उसके तीन अन्य बच्चे इस हादसे में बाल-बाल सुरक्षित बच गए। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
 
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बिहार के गयाजी जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित केवलिया गांव निवासी उर्मिला देवी (35) और उनके चार वर्षीय बेटे दीपांशु कुमार के रूप में हुई है। उर्मिला देवी इन दिनों अपने चार बच्चों के साथ टाटीझरिया के खैरा-करमा स्थित मायके में दुर्गा पूजा मनाने आई थीं। बुधवार को वह त्योहार संपन्न होने के बाद बच्चों को लेकर अपने ससुराल बाराचट्टी लौट रही थीं।

इसी दौरान जब वे बरही चौक के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे बच्चों के खिलौने और सामान इस खौफनाक हादसे का दर्द बयां कर रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं, हादसे को अंजाम देने के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और उसे थाने ले आई है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सुगम आवागमन बहाल किया।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। मुंबई में रहकर मजदूरी कर रहे महिला के पति दिनेश सिंह को भी इस हादसे की जानकारी फोन पर दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी