अमेरिका के 'बिग आइलैंड' में तूफान से तबाही: ओआहू द्वीप पर भीषण बाढ़, डैम टूटने का खतरा
होनोलूलू, 21 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के हवाई राज्य के ओआहू द्वीप के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार को आए 'कोना' तूफान और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। रात के अंधेरे में तेजी से बढ़े जल स्तर ने सड़कों को डुबो दिया और कई गाड़ियां कीचड़ भरे पानी में बह गईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हवाई के गवर्नर ने शनिवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि तूफान से 1 बिलियन डॉलर का नुकसान हो चुका है: राज्य और काउंटी के अधिकारी लोगों से तूफान के खतरों के बारे में सावधान रहने की अपील कर रहे हैं क्योंकि राज्य एक हफ्ते में दूसरे कोना लो (कोना तूफान) का सामना कर रहा है।
भारी बारिश के कारण आई इस बाढ़ को पिछले 20 वर्षों में सबसे भीषण बताया जा रहा है। अब तक 230 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राज्य के गवर्नर जोश ग्रीन के मुताबिक, इस आपदा से 1 अरब डॉलर (करीब 8300 करोड़ रुपये) से अधिक का नुकसान होने की आशंका है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, सबसे बड़ी चिंता एक डैम को लेकर थी, जिसका जलस्तर 24 घंटे के भीतर 79 फीट से बढ़कर 84 फीट तक पहुंच गया—जो इसकी अधिकतम क्षमता से केवल 6 फीट कम था। हालांकि फिलहाल पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ है, लेकिन अगर फिर से भारी बारिश होती है तो खतरा फिर बढ़ सकता है।
इस आपदा में राहत की बात यह रही कि अब तक किसी की मौत नहीं हुई है और कोई लापता भी नहीं है। हालांकि करीब 10 लोगों को हाइपोथर्मिया (अत्यधिक ठंड लगने) के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रेस्क्यू टीमें हवा और पानी दोनों माध्यमों से फंसे लोगों की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन ड्रोन उड़ाने वाले लोगों के कारण राहत कार्यों में बाधा भी आई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्यों में सहयोग करें।
होनोलूलू के मेयर रिक ब्लांजियार्डी ने बताया कि दर्जनों, बल्कि सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि अभी पूरी स्थिति का आकलन नहीं हो पाया है। करीब 5,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश दिए गए हैं।
वायलुआ हाई और इंटरमीडिएट स्कूल में बनाए गए एक राहत शिविर को भी बाढ़ के कारण खाली कराना पड़ा, जहां मौजूद लोगों और उनके पालतू जानवरों को दूसरे केंद्रों में शिफ्ट किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, ओआहू के हलेइवा और वायलुआ इलाकों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी है और आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और हर पल हालात बदल सकते हैं।
--आईएएनएस
केआर/
