हरियाणा: हांसी में नेहरू कॉलेज के पास ट्रक और बस में आमने-सामने की टक्कर, 20 से अधिक यात्री घायल
हांसी, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के जनपद हांसी में एक निजी बस की सामने से आ रहे ट्रक के साथ जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में करीब 20 से 25 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा हांसी के सिसाय पुल क्षेत्र में नेहरू कॉलेज के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे निजी बस बरवाला से हांसी की तरफ आ रही थी। जैसे ही बस राजकीय महाविद्यालय के पास सिसाय पुल के नजदीक पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। कई घायलों को निजी वाहनों और अन्य साधनों से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचने के बाद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
बताया जा रहा है कि हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का नागरिक अस्पताल हांसी में उपचार चल रहा है।
हादसे में घायल यात्री पूनम ने बताया कि वह बरवाला से हांसी आ रही थी। पूनम के अनुसार सामने से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान आगे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और कई लोग घायल हो गए। पूनम ने बताया कि उसे भी चोट लगी है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
