हरियाणा: फरीदाबाद में बोरवेल के अंदर गिरी बच्ची का रेस्क्यू, हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती
फरीदाबाद, 28 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद में बचाव दल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद बोरवेल में गिरी बच्ची को सोमवार तड़के बचा लिया। हालांकि, बच्ची के शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला फरीदाबाद के सेक्टर-8 इलाके के सीही गांव का है। रविवार देर शाम बच्ची बोरवेल में गिरी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई है और फिर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) व राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को बुलाया गया। देर रात तक एनडीआरएफ, एसडीआरएफ राज्य अग्निशमन सेवा, यूपी नागरिक सुरक्षा (गाजियाबाद), चिकित्सा विभाग और नगर निगम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया गया।
बड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाला। हालांकि, उसकी स्थिति ठीक न होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया।
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट कुणाल तिवारी ने मीडिया को बताया कि यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई। हमारे कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी शाम 7.45 बजे मिली। हमारी टीम गाजियाबाद से रात 9.05 बजे मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि यह पूरा ऑपरेशन एक मिली-जुली कोशिश थी। इसमें हमने हरियाणा पुलिस, हरियाणा एसडीआरएफ, यूपी नागरिक सुरक्षा (गाजियाबाद), हरियाणा के मेडिकल डिपार्टमेंट और म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के साथ मिलकर काम किया।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 3.50 बजे हम उस छोटी बच्ची को बाहर निकालने में कामयाब रहे। हमें बताया गया था कि इस बोरवेल की गहराई 250 से 300 फीट है। मुख्य चुनौती यह थी कि बोरवेल के अंदर करीब 125 फीट पर पानी था। पानी की वजह से हमें बच्ची की सही जगह का पता नहीं चल पा रहा था, जिससे काम और भी मुश्किल हो गया, क्योंकि हम यह तय नहीं कर पा रहे थे कि वह पानी के नीचे किस हालत में है।
डिप्टी कमांडेंट कुणाल तिवारी ने कहा कि प्रशासन के सहयोग के बिना यह बचाव अभियान संभव नहीं था। रेस्क्यू के दौरान प्रशासन पूरी तरह हमारे साथ खड़ा रहा। हमने जिन संसाधनों की मांग की, वह हमें उपलब्ध कराए गए।
--आईएएनएस
डीसीएच/
