Aapka Rajasthan

'हर युवा में प्रतिभा, जरूरत सिर्फ सही अवसर की', सीएम रेखा गुप्ता ने लॉन्च की ‘टैलेंट हंट' स्कीम

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘टैलेंट हंट स्कीम- हौसलों की उड़ान 2026-27’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच बनेगी।
 
'हर युवा में प्रतिभा, जरूरत सिर्फ सही अवसर की', सीएम रेखा गुप्ता ने लॉन्च की ‘टैलेंट हंट' स्कीम

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘टैलेंट हंट स्कीम- हौसलों की उड़ान 2026-27’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच बनेगी।

जन सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह लोगो दिल्ली के युवाओं के सपनों, रचनात्मकता और उड़ान भरते आत्मविश्वास का प्रतीक है। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति व भाषा मंत्री कपिल मिश्रा भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि हर युवा में प्रतिभा होती है और आवश्यकता केवल उसे सही अवसर और मंच देने की है। इसी सोच के साथ कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा इस योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। यह योजना दिल्ली के युवाओं को अपनी कला दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और पहचान बनाने का अवसर देगी। साथ ही, यह दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को भी बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं की खोज करना नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं के लिए एक ऐसा मंच तैयार करना है जो सुगमता, समावेशिता, विविधता और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों को बढ़ावा देना है। सीएम ने कहा कि यह पहल विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं को समान अवसर प्रदान करते हुए उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा देगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह योजना दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू की जाएगी। योजना के लिए 10 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत लगभग 25,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि हर प्रतिभागी को समान अवसर मिल सके। 16 से 35 वर्ष के युवा इस योजना के अंतर्गत मंगलवार से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कर सकेंगे। इसी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, कार्यक्रम की जानकारी और अपडेट्स भी नियमित मिलेंगे।

प्रतियोगिता में कुल सात प्रमुख विधाओं में मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इनमें गायन की श्रेणी में शास्त्रीय, लोक संगीत एवं गैर-शास्त्रीय संगीत को शामिल किया गया है। नृत्य श्रेणी में शास्त्रीय, लोक नृत्य तथा आधुनिक/गैर-शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा फाइन आर्ट एवं डिजिटल आर्ट, मूर्तिकला एवं पॉटरी, संगीत रचना, वाद्य संगीत और अभिनय एवं रंगमंच जैसी विधाओं में भी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने आगे बताया कि यह कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन पंजीकरण और सातों श्रेणियों में प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग एवं शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 24,500 प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा। दूसरे चरण में 35 क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें प्रत्येक क्लस्टर में दो विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इस चरण में विभिन्न श्रेणियों से कुल 2,450 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। तीसरे चरण में चयनित प्रतिभागियों के लिए चार जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जहां प्रत्येक श्रेणी के श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम चरण में 28 फाइनलिस्ट प्रतिभागियों के बीच अगस्त में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जिसमें सातों श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक फाइनलिस्ट प्रतिभागी को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि प्रतिभागियों के मूल्यांकन में 25 प्रतिशत वेटेज आम जनता की ऑनलाइन वोटिंग का होगा, जबकि 75 प्रतिशत वेटेज विशेषज्ञ ज्यूरी के मूल्यांकन पर आधारित रहेगा। ज्यूरी में संबंधित क्षेत्रों के अनुभवी और प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। ग्रैंड फिनाले को भव्य स्वरूप दिया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकारों और हस्तियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2.5 लाख रुपए, दूसरा स्थान पर रहने वाले को 2 लाख रुपए, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 1.5 लाख रुपए और चौथा स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा सभी चयनित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट, अवॉर्ड, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हौसलों की उड़ान’ केवल प्रतिभा खोज कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं को देश और दुनिया के सामने अपनी पहचान बनाने का मंच है। आगे चलकर इन प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न सामाजिक अभियानों में ‘ब्रैंड एंबेसडर’ के रूप में भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को नई उड़ान दें और दिल्ली सरकार के इस मंच का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली ‘क्रिएटिव कैपिटल’ और ‘यूथ कैपिटल’ बन रही है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली के भव्य और सफल आयोजन के बाद अब दिल्ली ‘दिल्ली टैलेंट हंट - हौसलों की उड़ान’ जैसे बड़े आयोजन के लिए तैयार है। आत्मनिर्भर भारत’ संकल्प की दिशा में यह पहल दिल्ली के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और हुनर को एक बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और उनके आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी। दिल्ली टैलेंट हंट का उद्देश्य केवल प्रतिभा की खोज करना नहीं, बल्कि उसे उचित मार्गदर्शन, पहचान और अवसर उपलब्ध कराना भी है।

--आईएएनएस

डीकेपी/