हर सैनिक को ड्रोन तकनीक की जानकारी जरूरी, सेना प्रमुख के बयान का एसपी वैद ने किया समर्थन
जम्मू, 30 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने वर्तमान समय की सुरक्षा चुनौतियों को बिल्कुल सही तरीके से सामने रखा है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज युद्ध का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। अब पारंपरिक लड़ाइयों का दौर नहीं रहा, बल्कि यह ड्रोन, मिसाइल और अत्याधुनिक तकनीक का युग है।
एसपी वैद ने कहा कि पिछले वर्ष हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी दुनिया ने तकनीकी युद्ध की झलक देखी थी। ऐसे में जनरल उपेंद्र द्विवेदी का बयान पूरी तरह उचित है कि सेना के हर जवान, अधिकारी, थल सेना और वायु सेना के सभी कर्मियों को ड्रोन और नई तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए। इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
एसपी वैद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है और यह पाकिस्तान के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि यदि पाकिस्तान दोबारा किसी प्रकार की घिनौनी हरकत करने की कोशिश करता है तो इस बार कार्रवाई रुकने वाली नहीं है।
पूर्व डीजीपी ने पाकिस्तान की ओर से आने वाले बयानों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार पाकिस्तान की तरफ से ऐसे बयान दिए जाते हैं जो माहौल को भड़काने वाले होते हैं। बेहतर होगा कि पाकिस्तान की उकसावे वाली बयानबाजी से बचे।
इसके साथ ही एसपी वैद ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आईएसआई भारत में कई मॉड्यूल चलाने की कोशिश करती है और कुछ लोगों को गुमराह कर कट्टरपंथ की ओर धकेलने का प्रयास करती है। एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए बम बनाने और हमले की साजिशों जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जाती है।
हालांकि उन्होंने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों, खुफिया तंत्र और पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थाएं मिलकर ऐसी साजिशों का समय रहते पर्दाफाश कर देती हैं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में उजागर हुए एक महत्वपूर्ण मॉड्यूल का भी उल्लेख किया। एसपी वैद ने दावा किया कि दाऊद इब्राहिम के भारत में पुराने संपर्कों का इस्तेमाल आईएसआई पहले भी करती रही है और आज भी करने की कोशिश करती है।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
