Aapka Rajasthan

हर राजनीतिक दल और संगठन को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकारः आराधना मिश्रा

लखनऊ, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच पार्टी' के विरोध प्रदर्शन और राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
 

लखनऊ, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच पार्टी' के विरोध प्रदर्शन और राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध प्रदर्शन पर आराधना मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, "हमारा संविधान हर राजनीतिक दल और संगठन को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार देता है। राजनीतिक दलों और संगठनों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे अपनी राय रखें और सरकार को उसकी गलत नीतियों के लिए जवाबदेह ठहराएं। यदि कोई शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर रहा है, उसको रोकना लोकतंत्र के खिलाफ है। हालांकि आज ट्रेन रद्द कर दी गई हैं, टोल पर गाड़ियां रोकी जा रही हैं और लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है।"

आराधना मिश्रा ने कहा, "चेन्नई में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम है। पहले से तय कार्यक्रम में हमारे सभी वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।"

इंडी गठबंधन के राष्ट्रपति से मुलाकात पर आराधना ने कहा, "मैं इंडी गठबंधन के उस प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को बधाई देती हूं जो कल राष्ट्रपति से मिलने गए थे। जिस तरह से बातचीत सकारात्मक रही और जैसा कि मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने बाहर आकर बताया। मुझे भरोसा है कि उनकी इस मुलाकात का लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई पर सकारात्मक असर पड़ेगा।"

मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग लगातार कांग्रेस कर रही है। ईवीएम और एसआईआर के कारण बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हो रही हैं।"

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने लोधी समुदाय को दरकिनार किए जाने का मुद्दा उठाए जाने पर आराधना ने कहा, "भाजपा के विधायक और सांसद अपनी पार्टी के नीतियों के खिलाफ हैं। इसका परिणाम 2027 के चुनाव में दिखेगा। भाजपा और एनडीए में भगदड़ मची हुई है। भाजपा पार्टी और देश में लोकतंत्र नहीं चाहती है।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम