Aapka Rajasthan

हर घर तिरंगा अभियान को यूपी में मिलेगी ग्रामीण महिलाओं की ताकत, स्वयं सहायता समूह तैयार करेंगे दो करोड़ तिरंगे

लखनऊ, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) ने बड़ा अभियान शुरू किया है। मिशन ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल दो करोड़ राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
 

लखनऊ, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) ने बड़ा अभियान शुरू किया है। मिशन ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल दो करोड़ राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इन तिरंगों का निर्माण 50 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाएं करेंगी। इस पहल का उद्देश्य केवल हर घर तक तिरंगा पहुंचाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को अतिरिक्त आजीविका उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।

अभियान के तहत तैयार किए गए तिरंगे सरकारी विभागों, सरकारी संस्थानों, स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज सम्मानपूर्वक पहुंच सके।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्थानीय रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि तिरंगा निर्माण से हजारों ग्रामीण महिलाओं को सम्मानजनक आय का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को की निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि 'हर घर तिरंगा' अभियान जनभागीदारी का उत्सव बन सके।

मिशन निदेशक अरुण कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और जिला मिशन प्रबंधन इकाइयों को जनपदवार लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तिरंगा निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उत्पादन, गुणवत्ता, आपूर्ति और भुगतान की नियमित समीक्षा करने के साथ स्वयं सहायता समूहों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा है।

मिशन के अनुसार सभी तिरंगों का निर्माण भारतीय ध्वज संहिता में निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा। अभियान के माध्यम से एक ओर प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज पहुंचाने के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भरता को भी नया बल मिलेगा।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच