'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत कानून मंत्रालय ने निकाली साइकिल रैली, अर्जुन राम मेघवाल भी हुए शामिल
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले केंद्र सरकार के 'हर घर तिरंगा' अभियान को गति देने के लिए दिल्ली में कानून और न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी इस रैली में हिस्सा लिया। इस मौके पर मंत्री मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया 'हर घर तिरंगा' अभियान अब देश के कोने-कोने तक पहुंच गया है।
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "हमारे देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया था। अब देश के सबसे दूर-दराज इलाकों में भी घरों पर तिरंगा दिखाई दे रहा है। हम अपने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी इस अभियान का असर देख रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि इस साल भी प्रधानमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए संस्कृति मंत्रालय इस अभियान का समन्वय कर रहा है और हर मंत्रालय तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि आज हमारे लॉ एंड जस्टिस मंत्रालय के तीनों विंग - लेजिस्लेटिव डिपार्टमेंट, लीगल अफेयर्स डिपार्टमेंट और जस्टिस डिपार्टमेंट - इस रैली में शामिल हुए हैं। सेक्रेटरी भी आए हुए हैं, एडिशनल सेक्रेटरी भी हैं, जॉइंट सेक्रेटरी भी हैं, डायरेक्टर भी हैं और भी लोग हैं। मातृशक्ति के प्रतीक महिलाएं भी जो हमारे मंत्रालय में काम करती हैं, वह भी आज 'हर घर तिरंगा' इस अभियान से जुड़ रही हैं।"
उन्होंने कहा कि आज हम दफ्तर से इस यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं और सभी अपने-अपने घर पर भी तिरंगा फहराएंगे।
अर्जुन राम मेघवाल ने तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "तिरंगा हमारे लिए सिर्फ झंडा नहीं है। इसके तीन रंग हमें सीख देते हैं। केसरिया रंग हमें शौर्य की सीख देता है। सफेद रंग हमें शांति की सीख देता है और हरा रंग हमें समृद्धि की सीख देता है।"
उन्होंने अशोक चक्र का जिक्र करते हुए कहा, "बीच में जो अशोक चक्र है, उसमें 24 तीलियां हैं। वह हमें यह सीख देता है कि हमें 24x7 काम करना है। थकना नहीं है, रुकना नहीं है। भारत को विकसित भारत बनाना है।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
