हनुमान जयंती की तैयारी तेज, फर्रुखाबाद के बड़े हनुमान मंदिर के कपाट 29 मार्च से बंद
फर्रुखाबाद, 28 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर के फतेहगढ़ स्थित बड़े हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर में विशेष सजावट और रंगाई-पुताई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में मंदिर के गर्भगृह के कपाट रविवार से बंद कर दिए जाएंगे, जो कि 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए दोबारा खोले जाएंगे।
शनिवार को मंदिर प्रशासन की ओर से यह जानकारी दी गई। मंदिर प्रशासन द्वारा भगवान हनुमान की प्रतिमा के विशेष शृंगार की तैयारी भी की जा रही है। विग्रह के रंग-रोगन और चोला चढ़ाने के लिए राजस्थान से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है, जो पारंपरिक विधि से इस कार्य को संपन्न करेंगे।
मंदिर के महंत मोहनदास महाराज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि हनुमान जी के शृंगार और रंग-रोगन का कार्य लगातार चार दिनों तक चलेगा, जिसके बाद जयंती के दिन विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुबह कपाट खुलने के साथ ही सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसके बाद दिनभर भंडारे का आयोजन रहेगा और विद्वान आचार्यों द्वारा हवन-पूजन संपन्न कराया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में न केवल फर्रुखाबाद जनपद, बल्कि आसपास के अन्य जिलों से भी संत-महात्मा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
मंदिर प्रबंधन द्वारा प्रसाद वितरण की भी भव्य व्यवस्था की जा रही है। हनुमान जयंती से दो दिन पहले ही हलवाइयों द्वारा प्रसाद बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बार लगभग 5 क्विंटल बूंदी तैयार की जाएगी, जिसे भगवान को भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा। मंदिर में होने वाले इस आयोजन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
