‘हनुमान अंश’ की टीम ने छात्रों से की खास बातचीत, फिल्म निर्माण से लेकर आध्यात्मिक अनुभवों तक पर हुई चर्चा
नोएडा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कैंपस में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम के साथ छात्रों के लिए विशेष इंटरैक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक और लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी तथा लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने विद्यार्थियों के साथ फिल्म निर्माण, शूटिंग के अनुभव, अभिनय की तैयारी और आध्यात्मिक विषय पर काम करने की चुनौतियों को साझा किया।
इस दौरान छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘द जर्नी बिहाइंड हनुमान अंश’ विषय पर आयोजित पैनल डिस्कशन रहा। इसमें फिल्म के डायरेक्टर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों के साथ अपनी फिल्मी यात्रा साझा की।
उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने मेडिकल क्षेत्र से फिल्म निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया और इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की कहानी तथा फिल्म को आकार दिया। उन्होंने आध्यात्मिक विषय पर फिल्म बनाने की जिम्मेदारी, रचनात्मक प्रक्रिया और शूटिंग के दौरान सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
फिल्म के लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अभिनय अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म में भगवान हनुमानजी से जुड़े किरदारों और दृश्यों को निभाते समय उन्हें भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव का अनुभव हुआ।
उन्होंने अभिनय की तैयारी, किरदार को समझने की प्रक्रिया और शूटिंग के दौरान सामने आए कई अनुभवों के बारे में छात्रों को जानकारी दी। पैनल चर्चा में फिल्म निर्माण के तकनीकी और रचनात्मक पहलुओं पर भी बातचीत हुई।
फिल्म टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि एक सफल फिल्म के लिए केवल कैमरे के सामने अच्छा प्रदर्शन करना पर्याप्त नहीं होता। इसके लिए कलाकारों और पूरी टीम की तैयारी, अनुशासन, टीमवर्क, भावनाओं को समझने की क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार सही समय पर निर्णय लेना भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसके बाद छात्रों के लिए विशेष प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।
विद्यार्थियों ने एक्टिंग, डायरेक्शन, फिल्म इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं, आध्यात्मिक विषयों पर फिल्म बनाने की प्रक्रिया और मनोरंजन जगत की चुनौतियों से जुड़े कई सवाल पूछे। फिल्म की टीम ने अपने अनुभवों के आधार पर छात्रों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान फिल्म की टीम की ओर से बताया गया कि ‘हनुमान अंश’ ने 52 दिनों में दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया है। वहीं फिल्म का गीत ‘पार्वती’ भी यूट्यूब के ग्लोबल चार्ट में प्रमुख गीतों में शामिल रहा है।
इस अवसर पर राजीव अरोड़ा, मुख्य वित्त अधिकारी वरुण श्रीवास्तव, डीन एकेडमिक्स, डिप्टी रजिस्ट्रार, सीनियर एडमिन ऑफिसर समेत विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री और फिल्म निर्माण की वास्तविक प्रक्रिया को समझने का अवसर दिया।
साथ ही भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों, रचनात्मकता और मनोरंजन जगत में करियर की संभावनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विद्यार्थियों को जानकारी मिली। ‘हनुमान अंश’ की टीम के साथ यह संवाद छात्रों के लिए फिल्म निर्माण के अनुभवों को सीधे कलाकारों और निर्माता टीम के नजरिए से जानने का उपयोगी अवसर साबित हुआ।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
