हंसते-हंसते विश्वास मत हासिल कर लेगी सम्राट सरकार: श्रवण कुमार
पटना, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने गुरुवार को साफ तौर पर कहा कि सदन के अंदर हंसते-हंसते सरकार विश्वास मत हासिल कर लेगी। इसमें कहीं कोई गुंजाइश नहीं है।
पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने फ्लोर टेस्ट को लेकर कहा कि एक तरफ 202 है और दूसरी तरफ 35 है। इसमें कोई दिक्कत नहीं है। हंसते-हंसते हमारे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फ्लोर टेस्ट में कामयाब हो जाएंगे। क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह सवाल विपक्ष से पूछा जाना चाहिए कि उनके विधायक क्या करेंगे।
इधर, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने राजद नेता तेजस्वी यादव के प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाने को लेकर कहा कि उन्हें कौन पूछ रहा है? उन्हें जनता ने खारिज कर दिया है। उन्होंने इतिहास याद करते हुए कहा कि बिहार उनके माता-पिता के उस खौफनाक दौर को देख चुका है।
उन्होंने कहा कि बिहार में अभी नई सरकार बनी है, काम करने का समय दिया जाना चाहिए। कुमार ने अन्य राज्यों के चुनावी माहौल पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में जो सरकारें वहां काबिज हैं, वे पूरी तरह से हताश और निराश हो चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में एनडीए की सरकार बनना तय है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अपनी हार देख रहे हैं, वे गलत रास्तों और बयानों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन उनके नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे। बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं।
इसी क्रम में 24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। यह सत्र बिहार की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करेंगे और अपनी सरकार के बहुमत को साबित करने की कोशिश करेंगे।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
