Aapka Rajasthan

यूपी : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई मलबे में दबे

हमीरपुर, 29 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया। भीषण तूफान के कारण निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई। कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस बल और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं।
 
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया, "28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का स्लैब गिर गया है, जिसके नीचे कुछ लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हम सभी तत्काल मौके पर पहुंच गए। अभी तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं। उन्हें बचाने के लिए एसडीआरएफ और हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है। छह लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है, जिनमें से पांच लोगों की पहचान कर ली गई है। स्लैब हटाकर उन्हें बाहर निकाला जाएगा।"

जानकारी के मुताबिक, बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे के समय पुल के नीचे कई मजदूर सो रहे थे, जो मलबे में दब गए। मृतकों में बांदा और हमीरपुर जनपद के मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से कराया जा रहा था।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है। हादसे के कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम को भी बुलाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पुल की गुणवत्ता में कोई कमी थी या उसके ढहने के पीछे कोई अन्य वजह थी। मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर डटे हुए हैं। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस