Aapka Rajasthan

हमें सरकार और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से हर संभव मदद मिल रही है: गुलवीर सिंह

ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गुलवीर सिंह ने मंगलवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता। वह इस इवेंट में पोडियम तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। इस मेडल के साथ गुलवीर ने एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज और एशियन चैंपियनशिप में जीते दो गोल्ड मेडल के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल भी अपने नाम कर लिया।
 

ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गुलवीर सिंह ने मंगलवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता। वह इस इवेंट में पोडियम तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। इस मेडल के साथ गुलवीर ने एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज और एशियन चैंपियनशिप में जीते दो गोल्ड मेडल के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल भी अपने नाम कर लिया।

भारत के इस बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आखिरी लैप में जबरदस्त 'किक' लगाई और 27:49.78 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार की।

इतिहास रचने के बाद गुलवीर सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "मेडल जीतने के बाद बहुत खुशी हो रही है। मेरे दिमाग में देश के लिए मेडल लाना था। कोच ने जो निर्देश दिए, मैंने उसका पालन किया। मेरे पिता एक किसान हैं। मेरे भाई नौकरीपेशा हैं। लोग जब पिता से मेरे बारे में पूछते हैं, तो उन्हें काफी खुशी होती है।"

उन्होंने कहा, "भारत सरकार हमें काफी सपोर्ट कर रही है। साई से हमें भरपूर सहयोग मिल रहा है। हमें ट्रेनिंग के लिए विदेश भेजा जा रहा है। मोदी सरकार के तहत भारतीय खेल आगे बढ़ रहे हैं। हमें सरकार और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से हर संभव मदद मिल रही है। सरकार ने एथलीट्स पर काफी खर्चा किया है। हर एथलीट मेहनत कर रहा है। यह मेरा कॉमनवेल्थ में पहला मेडल है। अगला लक्ष्य एशियन गेम्स है।"

भारत के सबसे बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर्स में से एक गुलवीर सिंह के नाम 10,000 मीटर के अलावा 3,000 मीटर और 5,000 मीटर में भी नेशनल रिकॉर्ड हैं। भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में नायब सूबेदार के पद पर तैनात गुलवीर का जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव में हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी के दौरान गाँव की सड़कों और खेतों के रास्तों पर दौड़ना शुरू किया था।

गुलवीर ने 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाई और इसके बाद 2022 एशियन गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। साल 2025 में दक्षिण कोरिया के गुमी में हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में दो गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने नई ऊंचाइयां हासिल कीं और खुद को एशिया के टॉप लॉन्ग-डिस्टेंस रनर के तौर पर स्थापित किया।

--आईएएनएस

आरएसजी