Aapka Rajasthan

'हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है', टी20 विश्व कप के लिए रवाना होने से पहले फैंस ने दी महिला टीम को शुभकामनाएं

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड रवाना होने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले फैंस ने टीम होटल के बाहर एकत्रित होकर भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया और उन्हें विश्व कप के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।
 
भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने के लिए होटल के बाहर खासतौर पर महिला फैंस काफी तादाद में पहुंचीं। वह सभी हाथ में पोस्टर लेकर भारतीय टीम को चीयर करती हुई नजर आईं। एक फैन ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे के बाद टी20 विश्व कप को जीतने में भी सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि वह सभी खिलाड़ियों को एक बार फिर से विश्व कप उठाते देखना चाहती हैं। फैन ने उम्मीद जताई कि टीम टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाएगी और चैंपियन की तरह खेलेगी।

वहीं, एक अन्य फैन ने कहा कि भले ही टूर्नामेंट में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी और धाकड़ टीमें मौजूद हों, लेकिन भारतीय टीम सभी को हराते हुए खिताब को अपने नाम करने में सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि हमें अपनी टीम पर पूरा विश्वास है और हम उन्हें पूरे दिल से चीयर करेंगे। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम इंग्लैंड रवाना होने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंची चुकी है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम की अगली भिड़ंत नीदरलैंड्स से 17 जून को होगी। 21 जून को टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका से भिड़ना है, जबकि 25 जून को हरमनप्रीत एंड कंपनी का सामना बांग्लादेश से होगा।

ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। हाल ही में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर टी20 सीरीज में शिकस्त दी थी। भारतीय टीम कागज पर काफी मजबूत नजर आ रही है। वनडे विश्व कप को जीतने के बाद टीम इंडिया पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को भी अपने नाम करना चाहेगी।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम