Aapka Rajasthan

हमारे राज में 100 से ज्यादा नकल माफिया जेल भेजे गए, कांग्रेस सरकार में नहीं होती थी कार्रवाई: पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नकल होती थी, जबकि भाजपा सरकार में नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई की गई है और 100 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 

देहरादून, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नकल होती थी, जबकि भाजपा सरकार में नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई की गई है और 100 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस के पास राज्य में कोई मुद्दा नहीं बचा है। उनके समय में नकल होती थी और उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती थी। हमारे समय में जब भी कोई प्रकरण सामने आया, हमने उसे छिपाया नहीं, बल्कि तुरंत कार्रवाई की। अभी जो ताजा प्रकरण सामने आया है, उसमें भी कार्रवाई हुई है। हम पहले ही 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेज चुके हैं।"

पुष्कर धामी ने कहा, “हमारा एकमात्र संकल्प है कि नकल नहीं होनी चाहिए। इसी के लिए हम सबसे सख्त कानून लाया है और इसका परिणाम आज सबके सामने है।"

कारगिल विजय दिवस का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह दिन पूरे देश के लिए गर्व करने का दिन है। हमारे बहादुर सैनिकों ने दुश्मन को हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की, जिस पर हमें हमेशा गर्व रहेगा। नई पीढ़ी को भारतीय सेना की वीरता पर हमेशा गर्व होगा। उत्तराखंड सरकार सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।

धामी ने बताया कि शहीद सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दी गई है। इसके अलावा सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा, जमीन खरीद पर स्टांप ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट सहित कई अन्य कदम उठाए गए हैं। हम उन सभी सैनिकों और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वालों का पूरा सम्मान करते हैं।

मन की बात कार्यक्रम का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके अलावा पीएम ने अपने संबोधन में रक्षा एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों और निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी को नए भारत की प्रगति का प्रतीक बताया। साथ ही ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, विभिन्न अंतररराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय युवाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। साथ ही आगामी राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर देश के बुनकरों के योगदान की सराहना करते हुए स्वदेशी हथकरघा उत्पादों को अपनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी