Aapka Rajasthan

'हमारे पैरा-एथलीट्स ने असाधारण साहस का परिचय दिया, पूरे देश को उन पर गर्व', राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन यादगार रहा। भारत ने कुल 114 मेडल के साथ टूर्नामेंट का अंत अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
 

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन यादगार रहा। भारत ने कुल 114 मेडल के साथ टूर्नामेंट का अंत अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

राजनाथ सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कई ऐतिहासिक पदकों, रिकॉर्ड तोड़ने वाले प्रदर्शनों और दृढ़ संकल्प के प्रेरणादायक उदाहरणों ने एशियन पैरा गेम्स 2026 को भारत की खेल यात्रा का एक अहम पड़ाव बना दिया है। 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज सहित कुल 114 पदकों के साथ भारत ने इन खेलों के इतिहास में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। हमारे पैरा-एथलीटों ने असाधारण साहस, अनुशासन और लगन का परिचय दिया है, जिससे पूरे देश को उन पर गर्व है। इस शानदार उपलब्धि के लिए सभी एथलीटों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और पर्दे के पीछे काम करने वाले हर व्यक्ति का हार्दिक अभिनंदन।"

रक्षा मंत्री ने आगे लिखा, "हमारे एथलीटों की ये उपलब्धियां लाखों युवा भारतीयों को निडर होकर सपने देखने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करें। यह ऐतिहासिक अभियान भारत के खेल इकोसिस्टम की बढ़ती ताकत और हमारे एथलीटों के उस दृढ़ संकल्प को दर्शाता है, जिसके दम पर वे सीमाओं को पार कर नए मानक स्थापित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, बेहतर खेल बुनियादी ढांचे, एथलीटों को विशेष सहयोग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अधिक अवसरों के माध्यम से भारतीय खेलों को एक नई दिशा और मजबूती मिली है।"

भारत का प्रदर्शन एशियन पैरा गेम्स 2026 में यादगार रहा। देश के पैरा खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 114 मेडल जीते। भारत ने 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल के साथ टूर्नामेंट का अंत किया। भारत ने पिछले एशियन पैरा गेम्स के अपने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया, जहां भारत ने 111 मेडल जीते थे। गोल्ड मेडल के लिहाज से भी यह भारत का अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा। 2023 में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत ने 29 गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे।

पैरा आर्चरी में भारत की मिक्स्ड टीम ने कंपाउंड टीम इवेंट में 1402 स्कोर के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया। आर्चरी में भारत ने कुल 6 मेडल जीते, जिसमें 3 गोल्ड शामिल रहे। शीतल देवी ने महिलाओं के कंपाउंड इवेंट में 149 के स्कोर के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वहीं, एथलेटिक्स में संदीप कुमार ने 400 मीटर की दौड़ को 52.28 सेकंड में पूरा करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की सफलता में सबसे बड़ा योगदान एथलेटिक्स का रहा, जहां भारत ने कुल 65 मेडल जीते। पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने 300 से अधिक खिलाड़ियों का दल भेजा था, लेकिन इस बार सिर्फ 168 खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचे थे, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी