हमारे पास इस बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सबसे अच्छा मौका: हैरी केन
आर्लिंगटन, 17 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन का मानना है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में टीम के पास ट्रॉफी को अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा। बायर्न म्यूनिख के लिए 51 मुकाबलों में 61 गोल करने वाले शानदार सीजन के बाद स्ट्राइकर को भरोसा है कि वह अपने करियर की सबसे अच्छी फॉर्म को जारी रखने और इंग्लैंड को टूर्नामेंट में आगे तक ले जाने के लिए पहले से कहीं ज्यादा तैयार हैं।
इंग्लैंड फीफा विश्व कप में अपने अभियान का आगाज क्रोएशिया के खिलाफ गुरुवार को करेगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए 32 साल के खिलाड़ी ने कहा, "मैं निजी तौर पर कहूंगा कि यह मानसिक और शारीरिक तौर पर मेरा अब तक का सबसे अच्छा सीजन है। मेरे लिए सीजन का अंत बहुत अच्छा रहा। शारीरिक तौर पर मैं खुद को बहुत अच्छी शेप में महसूस कर रहा हूं।"
"अपने करियर के लिए आपको बहुत सी चीजों की जरूरत होती है जो आपके हिसाब से हों और सही समय पर सही जगह पर हों और मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट के लिए ऐसा ही हुआ है। मेरे हिसाब से एक टीम के तौर पर हमारे पास फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सबसे अच्छा मौका होगा। मुझे लगता है कि हर कोई अच्छी शुरुआत करने और यह साबित करने के लिए बेताब है कि हमारे पास इस टूर्नामेंट में आगे तक जाने की काबिलियत है।"
हैरी केन इंग्लैंड के अब तक के सबसे सफल स्ट्राइकरों में से एक हैं। वह इंग्लैंड के लिए ऑल-टाइम रिकॉर्ड गोलस्कोरर हैं और इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा अपीयरेंस (मैच खेलने) की सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। केन लंबे समय से इंग्लैंड टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं और कई बड़े टूर्नामेंटों में टीम की सफलता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वह इंग्लैंड की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने 2018 फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। इसके अलावा उन्होंने यूईएफए यूरो 2020 और यूईएफए यूरो 2024 के फाइनल तक पहुंचने में भी टीम का हिस्सा बनकर अहम योगदान दिया।
क्रोएशिया के खिलाफ केन इंग्लैंड के लिए अपना 115वां मुकाबला खेलने उतरेंगे और वह डेविड बेकहम के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। "बेकहम के बराबर तक पहुंचना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। बेकहम मेरे आदर्श रहे, मैं उन्हें इंग्लैंड के कप्तान के तौर पर देखता था और सपना देखता था कि एक दिन मैं भी उनके जैसी ही इंग्लैंड की शर्ट पहनूंगा, तो यह एक बहुत अच्छा इमोशन होगा।"
हैरी केन ने अपने करियर की मानसिकता और लगातार बेहतर प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि उनका पूरा ध्यान हमेशा सबसे अच्छा बनने और हर सीजन में खुद को सुधारने पर रहा है। उन्होंने बताया कि इसी सोच ने उन्हें लंबे समय तक उच्च स्तर पर बनाए रखा है। केन ने कहा कि जिस स्तर पर वह खेलना चाहते हैं, वहां लगातार स्थिर प्रदर्शन करना ही असली चुनौती है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक लगातार अच्छा खेलना ही सामान्य खिलाड़ियों को महान खिलाड़ियों से अलग करता है।
इस दौरान उन्होंने दुनिया के कुछ महान फुटबॉलरों का भी जिक्र किया, जिनमें क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी और मॉड्रिक शामिल हैं। कैन ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने 20 साल से ज्यादा समय तक उच्च स्तर पर प्रदर्शन बनाए रखा है, जो उन्हें खास बनाता है। उन्होंने आगे कहा कि अपने करियर में लगातार छठे बड़े टूर्नामेंट में शामिल होना और अच्छी फॉर्म में रहना उनके लिए गर्व की बात है। उनके मुताबिक, इस तरह की निरंतरता ही किसी खिलाड़ी को महानता के स्तर तक ले जाती है और वह इसी मानसिकता के साथ आगे भी खेलते रहना चाहते हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
