हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं, कुलगाम हमले पर बोले पूर्व सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने कुलगाम और किश्तवाड़ में हुए हमलों को लेकर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कुलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमलों और किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या से गहरा आघात लगा है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब हर कश्मीरी, चाहे वह कश्मीर में हो या राज्य के बाहर को भारी अपमान का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि इन कायरतापूर्ण आतंकी कृत्यों के लिए बिना किसी तर्क के उन सभी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिंसा से कभी किसी समस्या का समाधान नहीं निकला है। इस तरह के अत्याचार केवल सामूहिक दुख और घाटी में शांति के संकट को ही जन्म देते हैं। ये कायरतापूर्ण हमले जानबूझकर हमारी सांप्रदायिक सद्भावना को तोड़ने, शांति की दिशा में हो रही प्रगति को रोकने और निर्दोष परिवारों को दर्द और कठिनाइयों के अंतहीन चक्र में फंसाने के लिए किए गए हैं। इन घटनाओं को अंजाम देने वालों को बिना किसी देरी के जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत मिलने की प्रार्थना करते हैं।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ने किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) रशपाल कुमार और बाबी चंद की हत्या पर गहरा शोक और पीड़ा व्यक्त की है। हिंसा की इस कायरतापूर्ण घटना की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें।
इसी बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की बेरहमी से की गई हत्या और कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि आतंकवाद की ऐसी घटनाएं बेहद परेशान करने वाली हैं। जो लोग इस तरह की हिंसा में शामिल हैं, वे शांति और इंसानियत के दुश्मन हैं और इलाके के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने पर तुले हुए हैं।
गुलाम नबी आजाद ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से अपील की कि वे आतंकवादी तत्वों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई करें और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले या उसमें मदद करने वाले नेटवर्क को खत्म करें। उन्होंने सभी से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने और स्थायी शांति के लिए मिलकर काम करने का भी आग्रह किया।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
