'हम अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहते हैं', एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में कप्तान सलीमा को टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को पूरा भरोसा है कि उनकी टीम 'मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026' में भी अपनी जीत की लय बरकरार रखेगी। तीन बार की चैंपियन यह टीम इस साल शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब अपने घरेलू मैदान पर अपना खिताब बचाने के लिए तैयार है।
भारत इस टूर्नामेंट में पिछले महीने जापान में हुए एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उतर रहा है। इससे पहले, टीम ने एफआईएच नेशंस कप भी जीता था और एफआईएच विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया था, जो 1974 के बाद से उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। सलीमा का मानना है कि अलग-अलग टूर्नामेंटों में टीम की लगातार प्रगति ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है और एक ऐसा मानक स्थापित किया है, जिसे वह आगे भी बनाए रखना चाहती हैं।
हॉकी इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में सलीमा ने कहा, "हमने हर टूर्नामेंट में एक कदम आगे बढ़ाया है और जापान में एशियन गेम्स 2026 का स्वर्ण पदक जीता। हमारी निरंतरता अच्छी रही है। हमने अपने लिए जो मानक तय किए हैं, हम उन्हें बनाए रखने और अपना स्तर और ऊंचा करने की कोशिश करेंगे।"
भोपाल में होने वाला यह टूर्नामेंट इस साल का आखिरी टूर्नामेंट है। कप्तान चाहती हैं कि खिलाड़ी उसी एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करें, जो उनकी हालिया सफलताओं का मुख्य आधार रही है। उन्होंने आगे कहा, "यह हमारे लिए इस साल का आखिरी टूर्नामेंट है, इसलिए हम इसका आनंद लेने की कोशिश करेंगे और एक बार फिर दिखाएंगे कि हमें एक-दूसरे पर कितना भरोसा और विश्वास है।"
एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने चीन को हराया था और भोपाल में भी ये दोनों टीमें खिताब की दावेदार हो सकती हैं। हालांकि, सलीमा ने स्पष्ट किया कि मेजबान टीम अपनी तैयारियों को विरोधियों के हिसाब से तय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा, "बेशक, चीन पूरी तैयारी के साथ आएगा, लेकिन हमारा ध्यान इस बात पर नहीं है कि हमारे विरोधी क्या कर रहे हैं। हम सिर्फ खुद पर, अपने खेल के ढांचे पर और कोच के निर्देशों का पालन करने पर ध्यान दे रहे हैं। संक्षेप में कहें तो, हम अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहते हैं।"
टीम मुख्य कोच स्योर्ड मारिन के मार्गदर्शन में अपनी पोजिशनल फ्लेक्सिबिलिटी (अलग-अलग पोजिशन पर खेलने की क्षमता) पर भी काम कर रही है, ताकि टूर्नामेंट के दौरान चोट या किसी अन्य परिस्थिति में जरूरत पड़ने पर खिलाड़ी आसानी से अपनी भूमिका बदल सकें।सलीमा ने कहा, "हमारे अंदर परिस्थितियों के अनुसार ढलने और अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। यही सही दृष्टिकोण है, जो हमें जरूरत पड़ने पर किसी भी पोजीशन पर खेलने के लिए तैयार रखता है। हर खिलाड़ी इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए उत्साहित है, और इससे टीम का माहौल भी सकारात्मक बना रहता है।"
भारतीय टीम में अनुभवी गोलकीपर सविता नहीं होंगी, जिन्हें आराम दिया गया है। उनकी जगह बंसरी सोलंकी टीम में शामिल हुई हैं, जबकि बिचू देवी भी गोलकीपर के तौर पर एक विकल्प हैं। कप्तान ने कहा, "अनुभव के मामले में फर्क तो होता है, लेकिन आपने जैसा कहा कि हमारे पास बिचू (देवी) हैं, जो पूरे साल शानदार फॉर्म में रही हैं। वहीं, बंसरी बहुत मेहनती हैं और हमेशा कुछ नया सीखने के लिए उत्सुक रहती हैं, जो कि एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है। टीम में आने वाले हर खिलाड़ी पर हमें भरोसा है, और गोलकीपरों के मामले में भी यही बात लागू होती है।"
इस टूर्नामेंट के जरिए भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेली जाएगी, जिससे भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह मौका और भी खास हो गया है। सलीमा ने कहा, "हम भोपाल में खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह वहां होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। अपने घरेलू मैदान पर खेलना और दर्शकों का उत्साहवर्धन मिलना हमेशा एक खास अहसास होता है।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
