एचएएल का मुनाफा दूसरी तिमाही 16 प्रतिशत बढ़ा; कुल आय 8,600 करोड़ रुपए से ज्यादा रही
मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे पेश किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 1,935.64 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 1,669.05 करोड़ रुपए था।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि सितंबर तिमाही में उसकी परिचालन से आय सालाना आधार पर 14.8 प्रतिशत बढ़कर 7,613.25 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 6,628.61 करोड़ रुपए थी।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की अन्य आय 988.30 करोड़ रुपए रही है, जिससे कुल आय 8,601.55 करोड़ रुपए हो जाती है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 7,516.28 करोड़ रुपए था। यह सालाना आधार पर 14.4 प्रतिशत की वृद्धि को दिखाता है।
समीक्षा अवधि में एचएएल का खर्च सालाना आधार पर 15.77 प्रतिशत बढ़कर 6,132.02 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में 5,296.64 करोड़ रुपए था।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में एचएएल के ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (ईबीआईटीडीए) में सालाना आधार पर 11.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 1,739 करोड़ रुपए हो गया। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन घटकर 22.8 प्रतिशत रह गया, जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह 23.5 प्रतिशत था।
नतीजों के बाद एचएएल के शेयर में गिरावट देखने को मिली। दोपहर 2:50 पर यह 2.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,843 रुपए पर था। बीते एक महीने में शेयर ने 1.75 प्रतिशत, छह महीने में 5.92 प्रतिशत और इस साल की शुरुआत से अब तक 10.13 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। वहीं, बीते पांच वर्षों में शेयर करीब 583.89 प्रतिशत का रिटर्न दे चुका है।
--आईएएनएस
एबीएस
