'हाथ में तिरंगा और दिल में धोखा', सीजेपी की प्रस्तावित यात्रा पर एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित 'तिरंगा यात्रा' को लेकर एनडीए नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, "हाथ में तिरंगा और दिल में धोखा। यही है सीजेपी का असली चेहरा। जहां अनुमति मिल रही है, वहां 'तिरंगा यात्रा' जरूर निकालें। लेकिन, जहां अनुमति नहीं मिल रही है, वहां तिरंगा के नाम पर ड्रामा किया जा रहा है। असली तिरंगा वाले देश बनाते हैं और नकली वाले सिर्फ रैली निकालते हैं।"
अभिजीत दिपके पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, "कॉकरोच जनता पार्टी का नेता कितना झूठा है। जब दिल्ली पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया तो इसका पता चला। उसकी दादी का निधन हो गया था और वह (अभिजीत दिपके) झूठ कह रहा था कि मुझे बात करने नहीं दी जा रही है। जब वीडियो सामने आए तो पूरा झूठ सामने आया। जो अपनी दिवंगत दादी को लेकर झूठ बोल सकता है, वह कुछ भी झूठ बोल सकता है।"
राम कदम ने आगे कहा, "हाथ में तिरंगा लिया जा रहा है, लेकिन क्या तिरंगे की कीमत उनको पता है? यह तिरंगा हमें ऐसे नहीं मिला है। इस तिरंगे को लहराने के लिए लाखों लोगों ने बलिदान दिया है। उनकी (सीजेपी) ओर से तिरंगा हाथ में लेकर 'रक्तपात' करने की बात की जाती है। नेहा बोरा की ओर से कहा जाता है कि जैसे बंगाल और बांग्लादेश में 'रक्तपात' हुआ, वैसे ही इस देश में हो। ऐसी बातें करने वाले लोगों को प्रशांत भूषण साथ में लेकर घूमते हैं। एक हाथ में संविधान लेकर लोकतंत्र की दुहाई तो जरूर दी जा रही है, लेकिन संविधान की बुनियाद न्यायपालिका और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है।"
सीजेपी को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "कोई कुछ भी दावा करे, कानून अपना काम करेगा। कानून के अंतर्गत जो भी गतिविधियां हैं, वह सारी मान्य रहेंगी। लेकिन, यदि कोई कानून की अवहेलना करेगा, तो निश्चित रूप से कानून अपना काम करेगा।"
--आईएएनएस
एसडी/एबीएम
