ग्वालियर में ढाई साल पहले चोरी गई रिवाल्वर और गहने बरामद, 3 गिरफ्तार
ग्वालियर, 6 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लगभग ढाई साल पहले सेना के रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने में सफलता हासिल की है। चोरी गई रिवाल्वर और अन्य सामग्री बरामद करने के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित आदित्यपुरम वैष्णवीधाम फेज-दो निवासी बृजेश कुमार सिंह के घर अक्टूबर 2023 में उस वक्त चोरी हुई थी, जब घर पर कोई नहीं था। सेवा से रिटायर्ड हुए सूबेदार बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया था कि वह पत्नी के साथ घर से बाहर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपए, एलईडी टीवी और उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी कर ले गए थे।
नगर पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह सिकरवार ने ढाई साल पुरानी वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी राजकुमार जाटव से पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। इसके बाद महाराजपुरा पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो पूछताछ में उसने अपने साथी प्रदीप राठौर के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने प्रदीप राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और एलईडी टीवी बरामद किए गए। सिकरवार के अनुसार पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि चोरी की गई रिवॉल्वर उसने देवेंद्र यादव को बेच दी थी।
पुलिस ने देवेंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है. आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकार्ड है और उनसे पूछताछ जारी है। उनसे शहर में हुई चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
--आईएएनएस
एसएनपी/वीसी
