गुवाहाटी हाईकोर्ट भर्ती अलर्ट: 35 स्टेनोग्राफर पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी
दिसपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। हाईकोर्ट में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के कुल 35 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
गुवाहाटी हाईकोर्ट की ओर से भर्ती के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार स्टेनोग्राफर पोस्ट पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे गुवाहाटी हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास आईटी/पॉलिटेक्निक/किसी दूसरी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से स्टेनोग्राफी/शॉर्टहैंड में डिप्लोमा/सर्टिफिकेट होना चाहिए। वहीं, जो कैंडिडेट स्टेनोग्राफी/शॉर्टहैंड कर रहे हैं, वे भी अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय हाईकोर्ट में पास/कम्प्लीशन सर्टिफिकेट/डिप्लोमा जमा करना होगा, जब तक कि हाईकोर्ट कोई और फैसला न करे। इसी के साथ अभ्यर्थियों के पास असम राज्य की ऑफिशियल भाषा (असमिया) की अच्छी जानकारी होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर किया जाएगा। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्टेनोग्राफी परीक्षा, लिखित परीक्षा और मौखिक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 22,000 से 97,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/ओबीसी/एमओबीसी के लिए 500 रुपए और एसटी(पी)/एसटी(एच) के लिए 250 रुपए तय किया गया है। वहीं, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
