Aapka Rajasthan

गुरु प्रकाश पासवान का कांग्रेस पर हमला, बोले-आस्था पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण

पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी स्पष्ट किया जा चुका है और अब भी यही कहा जा रहा है कि उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और भविष्य के लिए एक उदाहरण पेश किया जाएगा।
 

पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी स्पष्ट किया जा चुका है और अब भी यही कहा जा रहा है कि उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और भविष्य के लिए एक उदाहरण पेश किया जाएगा।

गुरु प्रकाश पासवान ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वही राजनीतिक दल, जिन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए थे, सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था और कारसेवकों पर गोली चलवाने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े रहे हैं, आज खुद को राम भक्त के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक रुख पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र, जिसमें राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की गई है, पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को इस मुद्दे पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले मंदिर जाने और आस्था को लेकर क्या बयान देते रहे हैं, यह सबको ज्ञात है। उनके अनुसार, कांग्रेस नेताओं का धार्मिक रुख केवल चुनाव के समय सामने आता है।

उन्होंने आगे कहा कि राम मंदिर का मुद्दा 500 वर्षों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है, जिसे राजनीति में घसीटना उचित नहीं है। गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि यदि कांग्रेस इस विषय को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करेगी तो उन्हें अपने अतीत पर भी नजर डालनी होगी। उन्होंने 2007 के दौर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय भी कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया था।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर गुरु प्रकाश पासवान ने दावा किया कि इस क्षेत्र में जनता हमेशा से भारतीय जनता पार्टी के साथ रही है और इस बार भी भारी बहुमत से पार्टी को आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और परिणाम पहले की तरह ही ऐतिहासिक होंगे।

इस सीट से जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने जनसुराज पार्टी के पिछले प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख चुकी है और अपने निर्णय खुद लेती है।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि एनडीए सरकार का स्पष्ट मत है कि क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नैतिकता और पारदर्शिता को मजबूत करना है और ऐसे कदम निश्चित रूप से स्वागत योग्य हैं।

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी को पंजाब कांग्रेस के नए पैनल से बाहर किए जाने पर भी उन्होंने टिप्पणी की। गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है और निर्णय केवल एक परिवार की इच्छा के अनुसार लिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कहते हैं और चाहते हैं, कांग्रेस पार्टी में वही होता है। उनके अनुसार, इस स्थिति में कई विवेकशील नेताओं के लिए कांग्रेस में बने रहना कठिन हो जाता है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम