'गुलशन कुमार ने संगीत इंडस्ट्री को दी पहचान', कुमार सानू ने संगीत के सुनहरे दौर को किया याद
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर गायक कुमार सानू इन दिनों 'सुनियो जरा' गाने को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि दिग्गज गायक गुलशन कुमार की हत्या के बाद संगीत उद्योग पर बुरा असर पड़ा था।
दरअसल, आईएएनएस ने सॉन्ग 'सुनियो जरा' प्रमोशन के दौरान गायक से सवाल पूछा, "गुलशन कुमार की हत्या के बाद संगीत उद्योग कैसे बदल गया?" इस पर कुमार सानू ने कहा, "उनके निधन के बाद संगीत जगत पर बुरा असर पड़ा था। जब तक वह थे, हिंदी फिल्म संगीत के लिए वह स्वर्ण युग था। वह सिर्फ संगीत प्रेमी या बिजनेसमैन ही नहीं थे बल्कि उससे कहीं बढ़कर थे। उनके मन में इतनी स्पष्टता था कि वह पहले ही बता सकते थे कि कौन सा संगीत चलेगा।"
उन्होंने कहा, "दूसरी बात यह है कि गुलशन कुमार जानते थे कि संगीत को लोगों तक कैसे पहुंचाना है और उसे दुनियाभर में कैसे फैलाना है। ये सारी तकनीकें उनसे बेहतर न तो किसी के पास थी और न ही है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि वह मेरे गॉडफादर हैं लेकिन अगर आप देखें तो गुलशन कुमार की मौत के बाद इंडस्ट्री में पूरी तरह से बदलाव आया है।"
कुमार सानू ने गुलशन कुमार के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "ऐसी कई फिल्में थीं जिनका संगीत बिका था और गुलशन कुमार उसे खरीदते थे। उनका निधन हमारे लिए बहुत दुखद बात थी और मुझे लगता है कि इसी वजह से धीरे-धीरे सब कुछ टूट गया। नदीम-श्रवण अलग हो गए।"
उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा, "नदीम चले गए। गुलशन कुमार असली आदमी थे। उन्होंने हमें सिखाया था कि एक गायक को अपने हक के पैसे लेने चाहिए क्योंकि तुम अपनी मेहनत से गाना गाते हो?' तो हमें गुलशन कुमार से बहुत कुछ सीखना था और हमने सीखा भी। निश्चित रूप से उनका जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुकसान था।"
बता दें कि प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी नदीम-श्रवण के नदीम (नदीम सैफी) ने टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के साथ लंबे समय तक काम किया था। गुलशन कुमार ने ही उन्हें 'आशिकी' (1990) जैसी फिल्मों के जरिए बड़ा ब्रेक और पहचान दिलाई थी। 1990 में आई फिल्म 'आशिकी' की अपार सफलता के बाद नदीम-श्रवण और गुलशन कुमार का सहयोग काफी मजबूत हुआ। इन्होंने 'साजन' और 'दिल है कि मानता नहीं' जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया।
1997 में नदीम का एक निजी एल्बम 'हाय अजनबी' आया, जिसे टी-सीरीज ने प्रमोट किया था लेकिन वह फ्लॉप हो गया। इसके बाद गुलशन कुमार ने नदीम के अन्य गानों के राइट्स लेने और प्रमोशन से मना कर दिया, जिससे दोनों के बीच अनबन हो गई। 12 अगस्त 1997 को गुलशन कुमार की हत्या के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले में नदीम सैफी को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में आरोपी बनाया था। हालांकि नदीम लंदन चले गए और बाद में उन्हें सबूतों के अभाव में कोर्ट से राहत मिली थी।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
