गुजरात: स्थानीय चुनाव से पहले राजकोट में हाई अलर्ट, संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा
राजकोट, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। स्थानीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए राजकोट पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
इस संबंध में क्राइम ब्रांच के डीसीपी जगदीश बांगरवा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी), संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी), चार डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 958 पुलिसकर्मियों, 165 एलआरडी जवानों, 1371 होमगार्ड्स के साथ-साथ जीआरडी और एसआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने आचार संहिता के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती दिखाई है। अब तक अंग्रेजी और देशी शराब का 70 लाख रुपए से अधिक का जखीरा जब्त किया जा चुका है। इसके अलावा जुआ खेलने के आरोप में 173 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शहर में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए 8 अलग-अलग स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा नियमित फुट पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
डीसीपी ने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) द्वारा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी नजर रख रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी को समय रहते रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
