Aapka Rajasthan

गुजरात सरकार की जामनगर में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से लोगों को मिल रहा लाभ

जामनगर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध जामनगर अब तेजी से आधुनिकता की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार जामनगर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति दे रही है, जिनका सीधा लाभ शहर के लोगों को मिल रहा है।
 
गुजरात सरकार की जामनगर में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से लोगों को मिल रहा लाभ

जामनगर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध जामनगर अब तेजी से आधुनिकता की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार जामनगर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति दे रही है, जिनका सीधा लाभ शहर के लोगों को मिल रहा है।

सरकार जामनगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के साथ-साथ भविष्य के एक प्रमुख इंडस्ट्रियल हब के रूप में भी स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

स्थानीय निवासी दिव्यराज सिंह जडेजा ने कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों की सुख-सुविधाओं के लिए पिछले 30 वर्षों में कई कार्य किए गए हैं, और जो नए-नए क्षेत्र विकसित हुए हैं, उन सभी क्षेत्रों में 'नल से जल' योजना के माध्यम से हर व्यक्ति के घर तक पानी पहुंचाने की सुविधा सरकार द्वारा की गई है। इस तरह से देखा जाए तो पिछले 30 वर्षों में हमारा शहर अन्य सभी महानगरों की तुलना में काफी विकसित हुआ है।

जामनगर में स्मार्ट सिटी के अनुरूप बेहतर नागरिक सुविधाएं विकसित करने के तहत ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए जहां सड़कों और फ्लाईओवर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिए आधुनिक अस्पताल बनाए जा रहे हैं। शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जा रही हैं, साथ ही सीवेज सिस्टम को भी आधुनिक बनाया जा रहा है।

जामनगर नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर डीएन मोदी ने बताया कि जामनगर शहर में फिलहाल शहरी विकास वर्ष के अंतर्गत लगभग 1200 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।

जामनगर शहर के चारों ओर जो रिंग रोड गुजर रहा है उस पर फिलहाल लालपुर चौकड़ी के पास फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है इसी प्रकार ठेबा चौकड़ी यानी कालावड रोड पर भी हम एक फ्लाईओवर का निर्माण कर रहे हैं इसके अलावा जामनगर शहर में एक ऑडिटोरियम का निर्माण होने जा रहा है जहां 1250 लोग बैठकर विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद ले सकें और साथ ही एक विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण होने जा रहा है।

बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए गुजरात सरकार ने जामनगर के लिए अगले 25 वर्षों का दीर्घकालिक रोडमैप तैयार किया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राज्य सरकार द्वारा निरंतर धनराशि आवंटित की जा रही है, वहीं प्रशासन भी तय समयसीमा में परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। सरकार, प्रशासन और जनभागीदारी से जामनगर आज एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम