'गुजरात की मिट्टी में कुछ खास है', गुजरात टाइटंस ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर वडनगर यात्रा को किया याद
नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर एक खास वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में टीम की पिछले साल वडनगर यात्रा की झलक दिखाई गई है। वडनगर वही शहर है, जहां पीएम मोदी का जन्म हुआ था।
गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर पिछले साल वडनगर की अपनी यात्रा का एक वीडियो शेयर किया। इस यात्रा ने टीम को उस शहर से जोड़ा जहां प्रधानमंत्री का जन्म हुआ था। टाइटंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वडनगर की अपनी यात्रा की झलकियां शेयर कीं, जिसमें शहर के इतिहास और पीएम मोदी के साथ इसके जुड़ाव को दिखाया गया। वीडियो में आईपीएल फ्रेंचाइजी ने गुजरात के इस शहर की अपनी यात्रा को याद किया और वड़नगर के महत्व को रेखांकित किया, जहां 17 सितंबर, 1950 को प्रधानमंत्री मोदी का जन्म हुआ था।
वीडियो में टाइटन्स ने कहा, "गुजरात की मिट्टी में कुछ खास है। इसे महसूस करने के लिए, आइए गुजरात के एक छोटे से शहर वडनगर चलें। वही शहर जहां हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म हुआ था। हमारी गुजरात टीम भी यहां आई थी। उस समय हमें नहीं पता था कि एक दिन ये यादें इतनी खास बन जाएंगी।"
वडनगर यात्रा के दौरान, टाइटंस के खिलाड़ियों ने वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरियंसियल म्यूजियम (पुरातत्व अनुभव संग्रहालय) का दौरा किया, जो शहर के पुरातात्विक और सांस्कृतिक इतिहास को प्रदर्शित करता है। टीम के लिए एक और महत्वपूर्ण पड़ाव 'प्रेरणा संकुल' था, जो एक अनुभवात्मक शिक्षण केंद्र है। इसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को विज्ञान, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना है। इस यात्रा का प्रधानमंत्री से एक व्यक्तिगत जुड़ाव भी था क्योंकि यह केंद्र उनके शुरुआती स्कूली शिक्षा के वर्षों से जुड़ा हुआ है।
वीडियो का समापन पीएम मोदी के लिए जन्मदिन के संदेश के साथ हुआ, "नरेंद्र मोदी को 76वें जन्मदिन की बधाई।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म वर्ष 1950 में गुजरात के वडनगर में हुआ था, जो भारत की आजादी के तीन साल बाद की बात है। इसी वजह से वह आजाद भारत में जन्म लेने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बने।
इसके साथ ही, वह गैर-कांग्रेसी पार्टी से सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने वाले नेता भी हैं। अक्टूबर में पीएम मोदी की जनसेवा के 25 साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और भारतीय जनता पार्टी को लगातार तीन आम चुनावों में जीत दिलाई है।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम
