गुजरात एटीएस की बड़ी कार्रवाई, वडोदरा में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी एके-47 के साथ गिरफ्तार
वडोदरा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद हुए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है
गुजरात एटीएस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर वडोदरा जिले के जरोद थाना क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया गया। जरोद बस स्टेशन के पास एटीएस की टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर सुरक्षा एजेंसियों को गाड़ी से अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए, जिनमें एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस शामिल हैं।
इस कार्रवाई के दौरान एटीएस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से असम का रहने वाला है।
फिलहाल, गुजरात एटीएस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ये घातक हथियार कहां से लेकर आया था। गुजरात में इसका नेटवर्क कहां तक फैला है और वह इन हथियारों की खेप किसे सौंपने वाला था।
जरोद बस स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके के पास से एके-47 जैसे घातक हथियार के साथ जैश से जुड़े संदिग्ध की गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। एटीएस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी अकेले काम कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। क्या आरोपी गुजरात में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, या वह सिर्फ हथियारों की डिलीवरी करने आया था, इन सभी सवालों के जवाब के लिए पूछताछ जारी है।
एटीएस की टीम आरोपी के मोबाइल, उसके संपर्कों और पिछले दिनों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
