गुजरात: अमरेली में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, शीशे में आई दरार, बाल-बाल बचे यात्री
अमरेली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के अमरेली जिले में लाठी के पास वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर लगने की घटना सामने आई है। पत्थर लगने से ट्रेन के एक कोच के शीशे में दरार आ गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना लाठी के पास हरसुरपुर देवलिया और केरिया के बीच हुई। चलती ट्रेन के शीशे पर अचानक पत्थर आकर लगा, जिससे कांच क्रैक हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास से पत्थर उछलकर लगने या किसी शरारती तत्व द्वारा पत्थर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी घटना की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल ट्रेन को मामूली नुकसान के साथ आगे रवाना किया गया है।
इससे पहले, 26 सितंबर को मध्य प्रदेश के नागपुर डिवीजन के अंतर्गत बोरखेड़ी में एक ट्रेन पर पथराव की घटना भी सामने आई थी। इस पत्थरबाजी में ट्रेन की तीन बोगियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि, किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई थी। इस घटना की जांच में रेलवे पुलिस की टीमें जुट गई थीं।
मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया था कि रात करीब 8.27 बजे बोरखेड़ी स्टेशन से गुजरने के बाद नागपुर-मुंबई सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12290) पर पत्थरबाजी की सूचना मिली, जिससे कोच ए-1, बी-2 और बी-5 की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने पुष्टि की कि लगभग 8.27 बजे बाहर से किसी चीज (पत्थर) से खिड़कियों को नुकसान पहुंचा था।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
