जीटीबीएच में सीनियर रेजिडेंट के 65 पदों पर वैकेंसी, 29 जून तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबीएच) ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के कुल 65 पद पर एड-हॉक आधार पर नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जीटीबीएच की ओर से जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के कुल 65 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें मेडिसिन से 11, एंडोक्रिनोलॉजी से 2, रेडियोलॉजी से 10, जनरल सर्जरी से 5, बर्न्स और प्लास्टिक से 3, न्यूरोसर्जरी से 4, पैथोलॉजी से 3, एनेस्थीसिया से 9, पीडियाट्रिक्स से 7, हेमेटोलॉजी पीडियाट्रिक्स (ऑन्कोलॉजी) से 1, ऑर्थोपेडिक्स से 1, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी से 1, डीईएम (डायबिटीज, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म) सर्जरी से 1, बायोकेमिस्ट्री से 1, डीईएम बायोकेमिस्ट्री से 1, ए एंड ई (एक्सीडेंट और इमरजेंसी) से 3 और फोरेंसिक मेडिसिन से 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 जून तय की गई है। जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे जीटीबीएच की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि की सुबह 10.30 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर दें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में 3 वर्ष के अनुभव के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डीएनबी/पीजी डिप्लोमा, एमबीबीएस, आदि की योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू 30 जून से 3 जुलाई तक 'चिकित्सा निदेशक का कार्यालय, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, सरकारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के दिलशाद गार्डन: दिल्ली - 110095' पते पर सुबह 10.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। वहीं, उम्मीदवारों के रिपोर्ट करने का समय सुबह 09:30 से 10 बजे के बीच तय किया गया है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीएच/ईडब्ल्यूएस श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
बता दें कि एड-हॉक आधार पर नियुक्ति की अवधि केवल 44 दिनों की है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
