गृह मंत्री शाह का उत्तर बंगाल दौरा देश की सुरक्षा के लिए अहम, वंदे मातरम का विरोध राष्ट्र का विरोध: भाजपा सांसद राहुल सिन्हा
कोलकाता, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर बंगाल दौरे को पश्चिम बंगाल और पूरे देश की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुई भीषण आग, वंदे मातरम विवाद, अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के बयान और 1984 सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार के निधन पर भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया। कोलकाता होटल अग्निकांड पर राहुल सिन्हा ने कहा कि मिर्जा गालिब स्ट्रीट ही नहीं, बल्कि शहर के कुछ और इलाके भी ऐसे हैं, जहां बड़ी संख्या में बांग्लादेशी रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि इसके पीछे क्या वजह रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन इलाकों में बांग्लादेशी घुसपैठियों ने कब्जा जमा रखा है, वहां विशेष जांच और कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से यहां रह रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई जरूर होगी।
गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर बंगाल दौरे पर भाजपा सांसद ने कहा कि पहले राज्य सरकार सीमा पर कंटीले तार लगाने के लिए जमीन तक नहीं देती थी और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के उपायों में सहयोग नहीं करती थी। उन्होंने कहा कि अब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने से सीमा सुरक्षा से जुड़े काम तेजी से आगे बढ़ेंगे। राहुल सिन्हा ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह खुद उत्तर बंगाल पहुंचकर सीमावर्ती इलाकों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल सुरक्षित रहेगा तो पूरा देश सुरक्षित रहेगा। चिकन नेक से लेकर बाकी बॉर्डर एरिया तक घुसपैठिए इसी रास्ते से देश में प्रवेश करते हैं और फिर पूरे देश में फैल जाते हैं। इसलिए जनगणना के साथ-साथ अवैध घुसपैठियों की पहचान और उन्हें रोकने का काम जरूरी है। साथ ही बांग्लादेश से आने वाले नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकना भी बेहद महत्वपूर्ण है। देश की सुरक्षा के लिए गृह मंत्री अमित शाह जो काम कर रहे हैं, वह बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण काम है।"
वंदे मातरम विवाद पर राहुल सिन्हा ने कहा कि यह किसी समुदाय की भावना का नहीं, बल्कि राष्ट्र की भावना का विषय है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत ही ऐसा देश है, जहां मातृभूमि को मां का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत माता की वंदना ही वंदे मातरम का मूल भाव है और ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन में लोगों के भीतर बलिदान और देशभक्ति की भावना जगाई थी।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम में माता दुर्गा का उल्लेख होने की वजह से कांग्रेस को इससे आपत्ति है। राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस वंदे मातरम के उद्घोष के साथ कांग्रेस के नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों की गोलियां सीने पर खाईं और फांसी के फंदे पर झूल गए, आज उसी वंदे मातरम से कांग्रेस दूरी बना रही है। उन्होंने संसद में वंदे मातरम को लेकर हुई चर्चा के दौरान कांग्रेस के बहिष्कार का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह वंदे मातरम का बहिष्कार है।
शर्मिला टैगोर के बयान पर राहुल सिन्हा ने कहा कि अभिनेत्री ने इसे हिंदू-मुस्लिम के नजरिये से नहीं देखने की बात कही है, लेकिन उनके अनुसार वंदे मातरम भारत माता की वंदना है और यह पूरे देश की भावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भारत का हर नागरिक और हर सपूत भारत माता का जयगान करेगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि "इटली की पुत्री" आज भी भारत माता का जयगान करने में हिचकिचाती है, जो दुखद है।
उन्होंने आगे कहा कि वंदे मातरम का विरोध करना राष्ट्र का विरोध करना है। उनके मुताबिक वंदे मातरम देश की प्रेरणा और राष्ट्रीय एकता का सबसे बड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जो वंदे मातरम का अपमान करेगा, वह भारत माता, राष्ट्र और देश की जनता का अपमान करेगा और भाजपा इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार के निधन पर राहुल सिन्हा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु पर दुख होता है, लेकिन सज्जन कुमार ने जो किया, वह कभी क्षमा योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सिख दंगों में बड़ी संख्या में सिख भाइयों की हत्या हुई थी और पूरा देश उस घटना को जानता है। उनके मुताबिक सज्जन कुमार के कृत्यों की हमेशा निंदा की जानी चाहिए और उन्हें इतिहास में उसी रूप में याद किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीएससी
