Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा: पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ, 'ऑपरेशन सिंदूर' की थीम पर आयोजित प्रदर्शनी

ग्रेटर नोएडा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिरभोज पार्क (सिटी पार्क) में आयोजित भव्य पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पुष्प प्रकृति की ओर से मानवता को मिली सबसे बड़ी देन हैं।
 
ग्रेटर नोएडा: पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ, 'ऑपरेशन सिंदूर' की थीम पर आयोजित प्रदर्शनी

ग्रेटर नोएडा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिरभोज पार्क (सिटी पार्क) में आयोजित भव्य पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पुष्प प्रकृति की ओर से मानवता को मिली सबसे बड़ी देन हैं।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानव का चोली-दामन का साथ है तथा भारत की सांस्कृतिक परंपरा में फूलों का विशेष महत्व रहा है। जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न उत्सवों और मृत्यु तक, हर संस्कार में फूलों की उपस्थिति मानव जीवन को सुगंध और रंगों से भर देती है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह पुष्प प्रदर्शनी 1 मार्च तक चलेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश और वाहनों की पार्किंग पूर्णतः निशुल्क रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ इसका आनंद उठा सकें।

उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, प्रभारी प्रमोद गुप्ता, प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, श्रीलक्ष्मी वीएस, सुमित यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल इमारतों और सड़कों से नहीं होती, बल्कि उसके सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने से होती है। ऐसे आयोजन शहर को जीवंत और ऊर्जावान बनाते हैं।

उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि एक समय प्राधिकरण कर्ज में डूबा हुआ था, लेकिन टीम के प्रयासों से अब वह कर्जमुक्त होकर तेजी से विकास कार्य कर रहा है। प्रदर्शनी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और स्कूली छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस वर्ष पुष्प प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आसमान में ड्रोन के माध्यम से भारत का मानचित्र, अयोध्या मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर उभरती दिखाई दी, जिसे देख लोग रोमांचित हो उठे।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर फूलों से बनाई गई विशेष आकृति आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा फूलों से निर्मित टाइगर, शिमला मिर्च से बना हार्ट शेप, राष्ट्रीय पक्षी मोर सहित कई रचनात्मक आकृतियां लोगों को खूब लुभा रही हैं। बड़ी संख्या में लोग इन कलाकृतियों के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए।

पुष्प प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोग पौधे, सजावटी सामान और खान-पान की वस्तुओं की खरीदारी कर सकते हैं। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि पूरे शहर के लिए उत्सव का माहौल लेकर आया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी