ग्रेटर नोएडा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में दो घंटे के भीतर दबोचा
ग्रेटर नोएडा, 19 नवंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कई टीमें गठित कर महज दो घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह पीड़ित किशोरी के मामा का दोस्त बताया जा रहा है। पीड़िता आरोपी को मामा कहकर बुलाती थी और पहले से उसे जानती थी। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी युवक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ खेत की ओर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के करीब दो घंटे के भीतर ही आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता का पूर्व परिचित था। पीड़िता उसे मामा कहकर बुलाती थी। पुलिस ने बताया कि बच्ची अपनी इच्छा से आरोपी के साथ गई थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तथ्य से नाबालिग के साथ कथित अपराध की गंभीरता कम नहीं होती और मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। पीड़िता की स्थिति ठीक बताई जा रही है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
