ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को मारी टक्कर, चालक फरार
ग्रेटर नोएडा, 19 सितंबर (आईएएनएस)। गेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का मामला सामने आया है। 18 सितंबर 2026 को एक कार चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए सड़क पर मौजूद चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार की टक्कर के बाद लोग सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की है। 18 सितंबर को कार चालक अपनी कार को तेजी और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान कार ने चार व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और हादसे के बाद चालक किस दिशा में फरार हुआ?
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस टीम आरोपी चालक को जल्द पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार को भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/ओपी
