Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा में एनपीसीएल कर्मचारियों से मारपीट, बिजली जांच के दौरान हुआ हंगामा

ग्रेटर नोएडा, 22 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली विभाग की टीम के साथ अभद्रता और हाथापाई का मामला सामने आया है। घटना खेड़ा चौगानपुर गांव की बताई जा रही है, जहां एनपीसीएल के कर्मचारी बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए पहुंचे थे।
 
भीषण गर्मी के बीच लगातार बढ़ रहे बिजली लोड और फॉल्ट की शिकायतों के चलते विभाग की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान गांव में कुछ लोगों ने कर्मचारियों का विरोध करते हुए उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।

22 मई 2026 को एनपीसीएल के कर्मचारी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुचारू करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। गर्मी बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड, फॉल्ट और लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। विभाग को खेड़ा चौगानपुर गांव से भी बिजली चोरी और कम किलोवाट वाले कनेक्शन पर अधिक बिजली खपत किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसी के आधार पर कर्मचारियों की टीम मौके पर जांच करने पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और किन लोगों ने कर्मचारियों से मारपीट की।

वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच कर्मचारी दिन-रात काम कर बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। ऐसे में कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। विभाग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल थाना इकोटेक-3 पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीसी