ग्रेटर नोएडा में नशे के कारोबार में लिप्त महिला समेत दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सूरजपुर पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 1.07 किलोग्राम सफेद पाउडर (ड्रग्स) बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक काला बैग और पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली चार पॉलीथिन भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 25 अगस्त 2026 को थाना सूरजपुर क्षेत्र के ग्राम भूड़ा में स्टेडियम के सामने बने एक मकान पर की गई। टीम को सूचना मिली थी कि वहां विदेशी नागरिकों द्वारा संदिग्ध गतिविधियां की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और अभिसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से दो विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सफेद पाउडर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साबी जोएल पुत्र साबी नेल्सन, निवासी याउंडे कंट्री, कैमरून, उम्र करीब 32 वर्ष और अमादा लतीफा पुत्री अमादा, निवासी डेल्टा स्टेट, अगबोर, नाइजीरिया, उम्र करीब 33 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद सफेद पाउडर को ड्रग्स बताया है। पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और उसमें मौजूद नशीले तत्वों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों से उनके पासपोर्ट के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मौके पर अपना पासपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके। इस संबंध में अभिसूचना इकाई द्वारा संबंधित दूतावास को भी जानकारी दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों विदेशी नागरिक भारत में किस उद्देश्य से रह रहे थे और उनके वीजा तथा अन्य दस्तावेजों की वैधता क्या थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर में अन्य धाराओं के साथ विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच टीम आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री का इस्तेमाल नशीले पदार्थों को तौलने और अलग-अलग पैकेट में तैयार करने के लिए किया जा रहा था।
मोबाइल फोन की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से और किसे की जाती थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में आगे की जांच जारी है। बरामद पदार्थ को जांच के लिए भेजे जाने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर नशे के इस नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी
