Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा में अवैध हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद

ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 की पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .30 बोर पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
 

ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 की पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .30 बोर पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम सादुल्लापुर के रहने वाले हैं। 28 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने खैरपुर गोल चक्कर से ग्राम वैदपुरा की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश नागर पुत्र स्वर्गीय रविन्द्र सिंह, निवासी ग्राम सादुल्लापुर, थाना ईकोटेक-3, उम्र करीब 23 वर्ष, कुबेर त्यागी पुत्र ब्रजानंद त्यागी, निवासी ग्राम सादुल्लापुर, उम्र करीब 25 वर्ष और सागर पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम सादुल्लापुर, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने यश नागर को हिस्ट्रीशीटर बताया है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी में यश नागर के कब्जे से एक अवैध .30 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, कुबेर त्यागी के पास से एक .315 बोर अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। तीसरे आरोपी सागर के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यश नागर के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना ईकोटेक-3 में वर्ष 2025 का मुकदमा, थाना बिसरख में वर्ष 2024 और 2023 के मामले, थाना ईकोटेक-1 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे शामिल हैं।

इसके अलावा, थाना कासना, थाना सेक्टर-39 और थाना बिसरख में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2026 में थाना ईकोटेक-3 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज दो मुकदमों का भी उल्लेख है। कुबेर त्यागी के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा, थाना बिसरख में वर्ष 2019 में चोरी का माल रखने और लूट से संबंधित मुकदमे दर्ज होने का पुलिस रिकॉर्ड में उल्लेख है।

पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी सागर के खिलाफ भी थाना ईकोटेक-3 में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और आरोपियों की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी