Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा में मासूम की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में ढेर

ग्रेटर नोएडा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराज को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टिड्डी पार्क इलाके में ले जाया गया था।
 

ग्रेटर नोएडा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराज को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टिड्डी पार्क इलाके में ले जाया गया था।

इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्ची की हत्या की घटना सामने आने के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, छह साल की बच्ची 28 अगस्त को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने बच्ची के वापस नहीं लौटने पर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं। तलाश के दौरान पुलिस को बच्ची का शव बरामद हुआ।

शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के मामले की जांच तेज कर दी। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को अहम सुराग दिए। फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को बोरे में शव ले जाते हुए देखा गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान बलराज के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी पर बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का भी आरोप था।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल था। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बलराज को हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए टिड्डी पार्क ले जाया गया था।

पुलिस टीम आरोपी से हथियार के संबंध में जानकारी हासिल कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हथियार हासिल कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस टीम ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद करने की बात कही है। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

--आईएएनएस

पीकेटी/आईएएनएस