Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश; दो गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा में थाना बीटा-2 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल, चार फर्जी नंबर प्लेट, एक पेचकस, जिसका इस्तेमाल मास्टर चाबी के रूप में किया जाता था और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेकी करने के बाद दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
 
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को स्थानीय इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। थाना बीटा-2 पुलिस ने सेक्टर गामा-1 की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल यादव उर्फ प्रदीप और सोहिल के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के वाहन चोर हैं। वे पहले अलग-अलग स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद पेचकस को मास्टर चाबी की तरह इस्तेमाल करके मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनके चेसिस नंबर घिस दिए जाते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी जाती थी। इस तरीके से आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास करते थे।

पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिलों में से तीन के संबंध में अलग-अलग थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज मिले हैं। पुलिस का कहना है कि शेष बरामद मोटरसाइकिलों को आरोपियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से चोरी करना बताया है। इन वाहनों के वास्तविक मालिकों और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी प्रबल यादव उर्फ प्रदीप मूल रूप से ग्राम भरतपुरा, थाना नारखी, जिला फिरोजाबाद का निवासी है। उसका वर्तमान पता ग्राम बिसरख जलालपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर बताया गया है। दूसरा आरोपी सोहिल ग्राम कावंगावास, थाना खोह, जिला डींग, राजस्थान का निवासी है।

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, आरोपी प्रबल यादव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, संभल, फिरोजाबाद, आगरा और फरीदाबाद में विभिन्न मामले दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से लेकर 2026 तक के मामलों का उल्लेख किया गया है।

वहीं, आरोपी सोहिल के खिलाफ थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर, थाना गुन्नौर, संभल और थाना मुजेसर, फरीदाबाद में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस की बरामदगी सूची में 11 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक बजाज पल्सर शामिल है। इनमें कुछ मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं थी जबकि कुछ की पहचान रजिस्ट्रेशन नंबर या इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर दर्ज की गई है। इसके अलावा चार फर्जी नंबर प्लेट, एक पेचकस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम